•अहरौरा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई, आरोपी को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। अहरौरा थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को एक व्यक्ति ने अहरौरा थाने में तहरीर देकर अपनी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 165/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक ने संबंधित अधिकारियों के नेतृत्व में अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी अहरौरा को निर्देश दिए थे। इसके क्रम में पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही थी।
इसी दौरान 10 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक राजकुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मामले में वांछित अभियुक्त अरुण कुमार पांडेय पुत्र सुधाकर पांडेय, निवासी अलहुआ, थाना अदलहाट, जनपद मीरजापुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 के तहत भी कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।


