रात्रि गश्त के दौरान पुलिस जीप को ट्रक ने मारी टक्कर, तीन पुलिसकर्मी घायल।

Vijaydoot News

मथुरा। थाना फरह क्षेत्र में शनिवार देर रात रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम सड़क हादसे का शिकार हो गई। भीमनगर पुलिया के पास पीछे से आए एक अनियंत्रित ट्रक ने रैपुरा जाट चौकी पुलिस की सरकारी जीप में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस जीप और ट्रक दोनों सड़क किनारे खाई में जा गिरे।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस की सरकारी जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में जीप में सवार तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया गया, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों का स्थानीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। दुर्घटना में ट्रक चालक भी घायल हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना फरह पुलिस तथा वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से पुलिस वाहन को टक्कर मारी, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा ट्रक चालक से भी पूछताछ की जा रही है।